स्वाईन फ्लू महामारी - २००९
नए H1N1 विषाणु से स्वाईन फ्लू के मामले दुनिया भर के कई देशों में पाए गए हैं जिसमें से सबसे ज्यादा मामले संयुक्त राज्य अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, मेक्सिको से हैं. हालाँकि मेक्सिको और संयुक्त राज्य अमेरिका में नए मामलों की संख्या में गिरावट आई है पर स्वाईन फ्लू का प्रकोप फिर भी जारी है.
११ जून २००९ को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने दुनिया भर में H1N1 इन्फ्लूएंजा विषाणु के चलते हो रहे संक्रमण के जवाब में महामारी का चेतावनी स्तर चरण ६ पर निर्धारित कर दिया. महामारी स्तर चरण 6 का अर्थ यह है कि दुनिया भर के कई समुदायों में इस महामारी का प्रकोप है. महामारी का चरण ६ इस विषाणु के प्रसार को दर्शाता है न कि इस विषाणु के कारण होने वाली बीमारी की गंभीरता को.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) नें पूरी दुनिया में स्वाईन फ्लू संक्रमण के 254,206 मामले और 2837 लोगों की मृत्यु की पुष्टि की है. प्रयोगशाला में पुष्ठित मामलों की संख्या पूरी दुनिया के कुल मामलों का एक छोटा प्रतिशत है क्योंकि कई देशों में प्रयोगशाला परीक्षण की प्राथमिकता सिर्फ उन मामलों को दी जा रही है जो या तो गंभीर हैं या उच्च जोखिम वर्ग में आते हैं.
दक्षिणी गोलार्द्ध में, ज्यादातर देश (जैसे की चिली, अर्जेंटीना, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया आदि ) इन्फ्लूएंजा गतिविधि के शिखर को या तो पार कर चुके हैं या आधारभूत स्तर में आ चुके है जबकि कुछ अन्य देश( जैसे की दक्षिण अफ्रीका, बोलीविया आदि) इन्फ्लूएंजा गतिविधि के उच्च स्तर का अनुभव कर रहे हैं.



